सिंगोली में आवारा कुत्तों का आतंक, वार्ड 9 में एक ही दिन में दो बच्चों पर हमला।
सिंगोली। डर के साये में नौनिहाल, अब गली मोहल्लों में खेलना हुआ दुश्वार।
सिंगोली नगर इन दिनों खौफ के साये में जी रहा है। नगर परिषद की लापरवाही ने मासूमों की जान खतरे में डाल दी है। कल वार्ड नंबर 9 में जो हुआ उसने हर मां का कलेजा दहला दिया – खेलते-खेलते दो मासूम बच्चों पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। बच्चों की चीखें सुनकर मांएं घरों से दौड़ पड़ीं, राहगीरों ने लाठियां मारकर जैसे-तैसे कुत्तों से बच्चों को छुड़ाया।
*मांओं की आंखों में आंसू, बच्चों के चेहरों पर दहशत*
अब आलम ये है कि शाम ढलते ही सिंगोली की गलियां सुनसान हो जाती हैं। वो बच्चे जो कभी गली-मोहल्लों में हंसी-ठिठोली करते थे, आज घर की चारदीवारी में सहमे बैठे हैं। स्कूल जाते बच्चों को देख हर मां की सांस अटक जाती है। बुजुर्गों ने टहलना छोड़ दिया है।
स्थानीय लोगों ने रोते हुए कहा – “साहब हमारे बच्चे क्या अब गली में खेल भी नहीं सकते? नगर परिषद कब जागेगी, क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार है?”
वार्ड 9 सहित पूरे सिंगोली में सैकड़ों आवारा कुत्ते झुंड में घूम रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हैं। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कुत्ता पकड़ो अभियान नहीं चला तो वे नगर परिषद का घेराव करेंगे।
